Wednesday, January 16, 2019

छह दिन की बढ़त पर लगा ब्रेक, सस्‍ता हुआ पेट्रोल

बीते छह दिनों से लगातार पेट्रोल की कीमत में बढ़ोतरी हो रही थी लेकिन बुधवार को इस बढ़त पर ब्रेक लग गया.  छह दिन बाद पेट्रोल 8 पैसे प्रति लीटर सस्ता हुआ है. इस कटौती के बाद दिल्ली में पेट्रोल 70.33 रुपये प्रति लीटर के स्‍तर पर है. हालांकि डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का सिलसिला लगातार सातवें दिन भी जारी है.  डीजल की कीमतें दिल्ली और कोलकाता में 12 पैसे बढ़ी हैं तो वहीं मुंबई और चेन्नई में 13 पैसे प्रति लीटर की बढ़त दर्ज की गई है. 

क्‍या है नई कीमत

इंडियन ऑयल की वेबसाइट के मुताबिक दिल्ली में पेट्रोल 70.33 रुपये प्रति लीटर पर है तो वहीं कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल के दाम घटकर क्रमश: 72.44 रुपये, 75.97 रुपये और 73.00 रुपये प्रति लीटर हैं. जबकि दिल्‍ली में डीजल के दाम बढ़कर 64.59 रुपये प्रति लीटर पर है. इसके अलावा कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में क्रमश : 66.59 रुपये, 67.62 रुपये और 68.22 रुपये प्रति लीटर पर है.

मंगलवार को ये थी कीमत

मंगलवार को लगातार छठे दिन पेट्रोल और डीजल के दाम में बढ़ोतरी देखने को मिली थी. दिल्ली, कोलकाता और मुंबई में पेट्रोल 28 पैसे जबकि चेन्नई में 29 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ था. वहीं डीजल दिल्ली और कोलकाता में 29 पैसे जबकि मुंबई और चेन्नई में 31 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ था. मंगलवार को दिल्ली में पेट्रोल 70.41 रुपये प्रति लीटर पर रहा.

वहीं सोमवार को दिल्ली और मुंबई में पेट्रोल की कीमतों में 38 पैसे की बढ़ोतरी हुई थी.  जबकि कोलकाता और चेन्‍नई में क्रमश: 37 पैसे और 40 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है.

बुधवार को भले ही पेट्रोल सस्‍ता हो गया है लेकिन अंतर्राष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड अब भी महंगा है. आने वाले दिनों में इसका असर पेट्रोल की कीमतों पर देखने को मिल सकता है. बता दें कि दिसंबर में ब्रेंट क्रूड सस्‍ता हुआ था और इस वजह से तेल के दाम भी घटे थे.

सप्‍ताह के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में मजबूती का रुख रहा.  बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 52 अंकों की बढ़त के साथ 36,370.74 पर जबकि एनएसई का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 12.85 अंकों की बढ़त के साथ 10,899.65 पर खुला.  शुरुआती कारोबार में सेंसेक्‍स की बढ़त 130 से ज्‍यादा अंकों की रही. वहीं निफ्टी 10,900 के स्‍तर को पार कर गया.

शुरुआती कारोबार में बढ़त वाले शेयर भारती एयरटेल, इंडसलैंड बैंक, यस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एनटीपीसी, रिलायंस, एसबीआईएन, इन्‍फोसिस, पावर ग्रिड, टाटा मोटर्स, ओएनजीसी, टाटा स्‍टील, वेदांता, महिंद्रा एंड महिंद्रा शामिल हैं. गिरावट वाले शेयर की बात करें तो एलएंडटी, कोल इंडिया, एचयूएल, सनफार्मा, एशियन पेंट, एचडीएफसी बैंक, बजाज ऑटो, टीसीएस और आईटीसी हैं.  बता दें कि मंगलवार को भी भारतीय शेयर बाजार में तेजी का रुख रहा. यह बढ़त सोमवार को आए महंगाई दर के आंकड़ों के बाद देखने को मिला है. बीते कारोबारी दिन सेंसेक्स 465 अंक यानि 1.30 फीसदी बढ़कर 36,318.33 अंक पर बंद हुआ.  वहीं निफ्टी 149.20 अंक बढ़कर 10,886.80 अंक पर रहा. 

बता दें कि बीते सोमवार को महंगाई के मोर्चे पर दिसंबर के आंकड़े आए. दिसंबर में खुदरा महंगाई दर 2.19 रही. इससे पहले नवंबर में यह आंकड़ा 2.33 फीसदी पर था. बता दें कि खुदरा महंगाई दर का यह आंकड़ा 18 महीने का निचला स्‍तर है. वहीं थोक कीमतों पर आधारित महंगाई दर दिसंबर में घटकर 3.80 फीसदी रही. यह पिछले 8 माह का निचला स्तर है.

रुपये का क्‍या रहा हाल

मंगलवार को डॉलर के मुकाबले रुपया आज 2 पैसे की कमजोरी के साथ 71.06 के स्तर पर खुला. इससे पहले कच्चे तेल की बढ़ती कीमत और डॉलर मजबूत होने की वजह से मंगलवार को रुपया 13 पैसे की गिरावट के साथ 71.05 रुपये प्रति डॉलर पर पहुंच गई. यह एक माह का निम्न स्तर है.

No comments:

Post a Comment