Monday, December 31, 2018

दिल्ली मेट्रो का गिफ्ट, निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाना हुआ आसान

दिल्ली वालों के लिए नया साल खुशखबरी लेकर आया है, ये खबर आपको जाम से राहत दिलाएगी. दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन का नवनिर्मित मयूर विहार पॉकेट-1 और लाजपत नगर रूट सोमवार से आम लोगों के लिए खुल गया है. इस रूट पर मेट्रो के परिचालन होने पर आनंद विहार के बाद हजरत निजामुद्दीन दिल्ली में परिवहन का दूसरा बड़ा केंद्र बन जाएगा.

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने हरी झंडी दिखाकर सोमवार को इस सेक्शन की शुरुआत की. इस रूट की कुल लंबाई 9.7 KM. है, इसमें 5 मेट्रो स्टेशन हैं. इस रूट के कारण अब यात्री सीधे तौर पर पूर्वी दिल्ली से दक्षिण दिल्ली से जुड़ेंगे. इस रूट के अस्तित्व में आने पर दिल्ली के आश्रम में जाम से राहत मिलेगी.

यहां मेट्रो स्टेशन पर सरायकाले खां अंतर्राज्यीय बस अड्डा और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों दोनों तरफ प्रवेश और निकास द्वार होंगे. दक्षिण भारत को जाने वाली ज्यादातर ट्रेन हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से परिचालित होती हैं. इस रूट पर मौजूद आश्रम स्टेशन.

मेट्रो का यह कॉरिडोर 59 किलोमीटर लंबी पिंक लाइन मेट्रो रूट का हिस्सा है जो शिव विहार को मजलिस पार्क से जोड़ता है. यह इस साल खुलने वाली तीसरी व अंतिम मेट्रो लाइन है, बाकी दो पर पहले परिचालन शुरू हो गया है. पिंक लाइन के इस कॉरिडोर के लिए मयूर विहार पॉकेट से इंटरचेंज करनी होगी.

आपको बता दें कि नए साल के अवसर पर मेट्रो के समय में काफी बदलाव किया गया है. इस दौरान दिल्ली के राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर 31 दिसंबर की रात 9 बजे के बाद निकास बंद हो जाएगा, हालांकि यात्री यहां से मेट्रो पकड़ सकेंगे.

दिल्ली यातायात पुलिस ने नए साल की पूर्व संध्या पर शहर में ट्रैफिक के सुचारू रूप से संचालन के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं. सबसे ज्यादा तवज्जो कनॉट प्लेस और इसके आसपास के इलाकों पर दी गई है, जहां रात को गाड़ियों के प्रवेश पर पाबंदी रहेगी. यातायात पुलिस ने जारी एक बयान में कहा कि कनॉट प्लेस में रात आठ बजे से लेकर जश्न खत्म होने तक सभी तरह के वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा. यातायात के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त बी के सिंह ने कहा कि कनॉट प्लेस के इनर, मिडिल या आउटर सर्कल में गाड़ियों को जाने की इजाजत नहीं है.

अधिकारी ने कहा कि यातायात पुलिस शराब पीकर गाड़ी चलाने, सिग्नल तोड़ने और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाएगी.  बयान में बताया गया है कि मंडी हाउस गोल चक्कर, बंगाली मार्केट गोल चक्कर, रंजीत सिंह फ्लाईओर, मिंटो रोड, दीन दयाल उपाध्याय मार्ग क्रॉसिंग, मुंजे चौक (नई दिल्ली रेलवे स्टेशन) के पास चेम्सफोर्ड रोड से वाहनों को कनॉट प्लेस की ओर आने नहीं दिया जाएगा.

बी के सिंह ने बताया कि आरके आश्रम मार्ग-चित्रगुप्त, गोल मार्केट गोल चक्कर, जीपीओ, पटेल चौक, कस्तूरबा गांधी रोड-फिरोजशाह रोड क्रॉसिंग, जय सिंह रोड-बंगला साहिब लेन की ओर से भी गाड़ियों को कनॉट प्लेस की ओर नहीं बढ़ने दिया जाएगा. यातायात परामर्श के मुताबिक, वाहन चालक कनॉट प्लेस के आसपास कुछ स्थानों पर अपनी गाड़ियां खड़ी कर सकते हैं.

No comments:

Post a Comment